shape
shape

संदेश

सचिव का संदेश ,प.ऊ.शि.सं.

प्रिय विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकगण एवं आगंतुकों,

परमाणु ऊर्जा शिक्षण संस्था (प.ऊ.शि.सं.) की आधिकारिक वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत है।
परमाणु ऊर्जा शिक्षण संस्था (प.ऊ.शि.सं.) वर्षों से परमाणु ऊर्जा विभाग (प.ऊ.वि.) के कर्मचारियों के आश्रितों तथा व्यापक समुदाय को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है। हमारी संस्था शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन, नैतिक मूल्यों तथा व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

हमारे विद्यालय शिक्षार्थी-केंद्रित वातावरण के निर्माण हेतु समर्पित हैं, जहाँ विद्यार्थियों को समालोचनात्मक चिंतन करने, सृजनात्मक नवाचार को अपनाने तथा उत्तरदायी एवं जागरूक नागरिक के रूप में विकसित होने के लिए प्रेरित किया जाता है।

वर्तमान तीव्र तकनीकी प्रगति एवं वैश्विक चुनौतियों के युग में शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल, नैतिक मूल्यों तथा आत्मविश्वास से सुसज्जित करना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकें। प.ऊ.शि.सं. प्रत्येक बालक के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने हेतु आधुनिक शिक्षण-पद्धतियों, डिजिटल अधिगम संसाधनों तथा सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों के समावेशन के लिए निरंतर प्रयासरत है।

हमारे प्राचार्यों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा अभिभावकों के समर्पण और निष्ठापूर्ण प्रयासों ने देशभर में स्थित प.ऊ.शि.सं. के संस्थानों की प्रगति एवं उपलब्धियों में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी सामूहिक प्रतिबद्धता, शिक्षा में उत्कृष्टता के संवर्धन एवं पोषण के हमारे अभियान को और अधिक सुदृढ़ बनाती है।

इस वेबसाइट का निर्माण महत्वपूर्ण सूचनाएँ, अद्यतन जानकारियाँ उपलब्ध कराने तथा प.ऊ.शि.सं. के विद्यालयों की विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक एवं खेलकूद संबंधी उपलब्धियों को प्रदर्शित करने हेतु एक प्रभावी मंच प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है।

मैं सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं सफल भविष्य के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ व्यक्त करता हूँ।

सादर शुभेच्छाओं सहित,
सचिव
परमाणु ऊर्जा शिक्षण संस्था (प.ऊ.शि.सं.)